त्योहारों की भीड़ के लिए मुंबई-नागपुर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

    13-Nov-2026
Total Views |
- मध्य रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की सेवाएं
- सीएसएमटी और एलटीटी से होगा संचालन
- 13 से 15 नवंबर तक मिलेगी सुविधा

Image Source:(Internet)

नागपुर।
त्योहारों के दौरान मुंबई और नागपुर के बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने दो विशेष ट्रेनों के संचालन का विस्तार किया है। इससे नियमित ट्रेनों में होने वाली भीड़ कम करने और यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। ट्रेन क्रमांक 01125 सीएसएमटी-नागपुर स्पेशल एक्सप्रेस 13 नवंबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से दोपहर 3.25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 01126 नागपुर-सीएसएमटी स्पेशल एक्सप्रेस 14 नवंबर को शाम 4.10 बजे नागपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8.05 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, चालीसगांव, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, बडनेरा, धामणगांव और वर्धा स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें एसी और स्लीपर श्रेणी के साथ सामान्य श्रेणी के कोच भी रहेंगे।

एलटीटी से भी चलेगी विशेष ट्रेन
मध्य रेलवे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से नागपुर के बीच भी विशेष ट्रेन चलाएगा। ट्रेन क्रमांक 01129 एलटीटी-नागपुर स्पेशल एक्सप्रेस 14 नवंबर को दोपहर 3.25 बजे एलटीटी से रवाना होकर 15 नवंबर को सुबह 7 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 01130 नागपुर-एलटीटी स्पेशल एक्सप्रेस 15 नवंबर को शाम 4.10 बजे नागपुर से रवाना होकर 16 नवंबर को सुबह 8.05 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, चालीसगांव, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, बडनेरा, धामणगांव और वर्धा में रहेगा। इसमें एक एसी द्वितीय श्रेणी, पांच एसी तृतीय श्रेणी, 10 स्लीपर और दो सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।

आईआरसीटीसी और रेलवन से बुकिंग
दोनों विशेष ट्रेनों के आरक्षण कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctc.co.in पर उपलब्ध हैं। अनारक्षित टिकट यूटीएस प्रणाली के माध्यम से सामान्य किराये पर बुक किए जा सकते हैं। यात्री रेलवन ऐप से भी टिकट ले सकते हैं। ट्रेनों का विस्तृत समय और ठहराव की जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in तथा एनटीईएस ऐप पर उपलब्ध है।