- एएफसीएटी में मेरिट रैंक हासिल कर पूरा किया प्रशिक्षण
- इंजीनियरिंग के साथ क्रिकेट में भी दिखा चुकी हैं प्रतिभा

Image Source:(Internet)
नागपुर। शहर की श्रुति दहरवाल ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन प्राप्त कर नागपुर का गौरव बढ़ाया है। वह डॉ. नागेंद्र दहरवाल और मंगला दहरवाल की बेटी हैं। श्रुति ने हैदराबाद के दुंडीगल स्थित एयर फोर्स एकेडमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद बेंगलुरु के एयर फोर्स टेक्निकल कॉलेज (एएफटीसी) में विशेष तकनीकी प्रशिक्षण हासिल किया। उनके प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 सितंबर को एएफटीसी में पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। श्रुति ने नागपुर के श्री रामदेवबाबा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी) में मेरिट रैंक हासिल कर प्रतिष्ठित एयर फोर्स एकेडमी में प्रवेश पाया था। कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने अपनी लगन, मेहनत और देशसेवा के प्रति समर्पण का परिचय दिया।
क्रिकेट में भी दिखा चुकी हैं प्रतिभा
श्रुति की उपलब्धियां केवल शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं हैं। वे खेलों में भी सक्रिय रही हैं और अंतर विश्वविद्यालय स्तर पर क्रिकेट में अपनी यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। पढ़ाई, खेल और अब भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने तक का उनका सफर उनकी बहुआयामी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित शहर में खुशी का माहौल है। श्रुति की सफलता विशेष रूप से उन युवतियों के लिए प्रेरणादायी है, जो सशस्त्र बलों में करियर बनाने का सपना देखती हैं। उनका सफर बताता है कि आत्मविश्वास, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।