- महाराष्ट्र में मराठी और उत्तर भारतीयों के बीच विवाद भड़काने का लगाया आरोप
- जुहू, वर्सोवा समेत मुंबई के समुद्र तटों पर छठ पूजा को लेकर प्रतिबंधों की मांग

Image Source:(Internet)
मुंबई। महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महाराष्ट्र में मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच तनाव पैदा करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर क्षेत्रीय विवाद और डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। ठाकरे के अनुसार, सोशल मीडिया पर छठ पूजा की परंपराओं को सांस्कृतिक अतिक्रमण बताने वाले रील्स प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि समुदायों के बीच टकराव पैदा हो। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिश की गई, लेकिन मनसे कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर इसे रुकवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी लाभ के लिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की राजनीति कर रही है। ठाकरे ने कहा कि भाजपा को अपनी चुनावी रणनीति के तहत जिस विवाद की उम्मीद थी, वह अब तक खड़ा नहीं हो पाया है।
‘समुदायों को बांटकर चुनाव जीतना चाहती है भाजपा’
राज ठाकरे ने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी चुनाव जीतने के लिए अलग-अलग समुदायों के बीच विवाद पैदा करती है। उन्होंने लोकसभा चुनावों से पहले हिंदू-मुस्लिम तनाव और विधानसभा चुनावों के दौरान जातिगत विभाजन का भी उल्लेख किया। इसके अलावा पिछले वर्ष बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के दौरान कबूतरों को दाना खिलाने के मुद्दे पर मराठी और गुजराती समुदायों के बीच कथित विवाद का उदाहरण दिया। ठाकरे ने मराठी समुदाय से अपील की कि वह भाजपा के कथित राजनीतिक जाल में न फंसे। छत्रपति शिवाजी महाराज की गुरिल्ला युद्ध नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मराठियों को यह तय करना चाहिए कि कब और किस तरह जवाब देना है। उन्होंने उत्तर भारतीय और गुजराती समुदायों से भी अपील की कि वे किसी राजनीतिक दल के हाथों इस्तेमाल न हों। उनके अनुसार, महाराष्ट्र की सामाजिक एकता को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जुहू और वर्सोवा बीच पर छठ पूजा के लिए प्रतिबंध की मांग
राज ठाकरे के बयान के बाद मनसे ने मुंबई के समुद्र तटों पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर अपना विरोध और तेज कर दिया है। पार्टी ने जुहू, वर्सोवा, मध आइलैंड और गोराई बीच पर छठ पूजा के आयोजन के लिए प्रतिबंध लगाने की मांग की है। मनसे का कहना है कि इन स्थानों पर गिरगांव चौपाटी की तर्ज पर प्रतिबंधात्मक व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। पार्टी पदाधिकारियों ने इस संबंध में उपमहापौर संजय गाड़ी से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा है। मनसे विद्यार्थी सेना के उपाध्यक्ष कुशल धुरी ने स्पष्ट किया कि पार्टी छठ पूजा के धार्मिक आयोजन के खिलाफ नहीं है, बल्कि समुद्र तटों पर इससे होने वाले पर्यावरण प्रदूषण को लेकर उसकी आपत्ति है। पार्टी का दावा है कि पूजा के बाद समुद्र तटों पर फैलने वाली सामग्री और कचरे से पर्यावरण प्रभावित होता है।
कृत्रिम तालाब बनाने का भी दिया सुझाव
कुशल धुरी ने कहा कि यदि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) छठ पूजा के लिए कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था करती है, तो समुद्र तटों पर भीड़ का दबाव कम होगा और पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था संभालने में आसानी होगी। हालांकि, मनसे नेताओं से यह सवाल भी किया गया कि उन्हें छठ पूजा की धार्मिक परंपराओं और इसके आयोजन के उद्देश्य की कितनी जानकारी है। साथ ही समुद्र में सालभर होने वाले प्रदूषण को लेकर भी उनसे सवाल पूछे गए। इस पूरे घटनाक्रम ने मुंबई में छठ पूजा के आयोजन, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय राजनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक ओर मनसे समुद्र तटों पर प्रदूषण रोकने के नाम पर प्रतिबंधों की मांग कर रही है, वहीं राज ठाकरे के बयान ने इस मुद्दे को राजनीतिक और क्षेत्रीय पहचान से भी जोड़ दिया है।