सफारी गेट के पास नजर आया दुर्लभ काला तेंदुआ, गाइड ने कैमरे में कैद की तस्वीरें

Image Source:(Internet)
नागपुर। मोगरकसा के जंगलों में महीनों से नजर नहीं आ रहा चर्चित काला तेंदुआ ‘बघीरा’ गुरुवार सुबह एक बार फिर दिखाई दिया। लंबे समय बाद उसकी मौजूदगी से पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। सुबह की सफारी के दौरान मोगरकसा सफारी गेट के पास यह काला तेंदुआ घनी झाड़ियों से निकलकर जंगल में शान से टहलता नजर आया। उस समय जंगल में पर्यटकों की करीब 10 जिप्सियां मौजूद थीं। अचानक सामने आए बघीरा को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। स्थानीय गाइड नीलेश मेहर और निखिल मेहर ने इस दुर्लभ नजारे को अपने कैमरे में कैद किया। तस्वीरें सामने आने के बाद एक बार फिर मोगरकसा का जंगल पर्यटकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
कई महीनों से नहीं मिल रहे थे बघीरा के संकेत
इससे पहले बघीरा की आखिरी मौजूदगी मोगरकसा कंजर्वेशन रिजर्व के लेंडेझरी क्षेत्र में दर्ज की गई थी। इसके बाद कई महीनों तक न तो सफारी पर आने वाले पर्यटकों को वह दिखाई दिया और न ही वन विभाग के कैमरा ट्रैप में उसकी कोई तस्वीर कैद हुई। यहां तक कि मध्यप्रदेश के पेंच वन क्षेत्र में भी उसकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई थी। ऐसे में वन्यजीव प्रेमियों के बीच उसके किसी दूसरे जंगल में चले जाने की अटकलें लगने लगी थीं।
गाइड निभाते हैं अहम भूमिका
विशेषज्ञों के अनुसार, काले तेंदुए स्वभाव से बेहद शर्मीले और अधिकतर रात्रिचर होते हैं। इसलिए लंबे समय तक उनका नजर नहीं आना असामान्य नहीं है। बघीरा की वापसी से मोगरकसा सफारी में पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है। यहां पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों से रूबरू कराने में स्थानीय गाइड जीतू ठाकरे, मंगेश चैतम, राहुल इडपाचे, अंजलि धुर्वे, वीरू सोनवणे और रोशनी वरकड़े सहित अन्य गाइड महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।