मेडिकल चौक पर खूनी हमला, सीमेंट के गमले से सिर कुचलकर हत्या

    13-Nov-2026
Total Views |
- जीएमसी के प्रवेश द्वार के पास वारदात
- मृतक का बहनोई और साथी आरोपी, दो महीने पहले ही जेल से छूटा था

Image Source:(Internet)

नागपुर
। मेडिकल चौक पर गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात में रामबाग निवासी हिस्ट्रीशीटर पलाश वासनिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसी) के प्रवेश द्वार के पास दो हमलावरों ने उस पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद सड़क किनारे रखा भारी सीमेंट का गमला उठाकर उसके सिर और चेहरे पर कई बार पटका। हमले में पलाश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

विवाद के बाद चाकू से किया हमला
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पलाश रात करीब 10.30 बजे मेडिकल कॉलेज के गेट के पास मौजूद था। इसी दौरान दो लोग वहां पहुंचे और उसके साथ कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। पलाश ने बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया। इसके बाद सीमेंट के भारी गमले से उसका सिर और चेहरा कुचल दिया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात सुचारू कराया।

दो महीने पहले ही जेल से छूटा था
सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में पलाश का बहनोई चिंटू उर्फ आयुष धुपे और उसका एक साथी शामिल होने की आशंका है। हालांकि, आधी रात तक पुलिस ने आरोपियों की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। पलाश के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डेंजरस एक्टिविटीज (एमपीडीए) के तहत हिरासत में रहने के बाद वह करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।