- अमेरिका सबसे आगे, 1,141 किलो फराल पहुंचा
- डाक विभाग को मिली 29.76 लाख रुपए की आय

Image Source:(Internet)
नागपुर : दिवाली का त्योहार भले ही बीत गया हो, लेकिन विदर्भ के घरों में बने चिवड़ा, लड्डू, चकली और अन्य पारंपरिक फराल का स्वाद अब भी दुनिया के कई देशों में बरकरार है। इस साल विदर्भ से 33 देशों में कुल 4,663 किलो फराल डाक विभाग के माध्यम से भेजा गया। विदेशों में रहने वाले परिजनों तक घर के स्वाद और त्योहार की खुशियां पहुंचाने के लिए लोगों ने बड़ी संख्या में पार्सल बुक कराए। इसमें सबसे ज्यादा 1,141 किलो फराल अमेरिका भेजा गया। इसके बाद ब्रिटेन में 666 किलो, जर्मनी में 596 किलो, रूस में 472 किलो, जापान में 225 किलो, कनाडा में 195 किलो और फ्रांस में 153 किलो फराल भेजा गया। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, केन्या, आयरलैंड, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण कोरिया सहित अन्य देशों में भी पार्सल पहुंचे। इस पूरी पहल से डाक विभाग को 29.76 लाख रुपए की आय हुई।
फराल के साथ कपड़े, किताबें और कलाकृतियां भी भेजीं
विदेशों में रहने वाले अपनों के लिए लोगों ने केवल मिठाइयां और नमकीन ही नहीं, बल्कि कई अन्य उपहार भी पार्सल में शामिल किए। इनमें रेडीमेड कपड़े, कलाकृतियां, किताबें और स्टेशनरी जैसी चीजें भी भेजी गईं। इन पार्सलों के जरिए परिवारों ने दूर रह रहे अपने रिश्तेदारों तक दिवाली की खुशियां और घर का अपनापन पहुंचाने की कोशिश की। खास बात यह है कि घर में तैयार किए गए पारंपरिक फराल की मांग विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवारों के बीच लगातार बनी हुई है। चिवड़ा, चकली, लड्डू और अन्य व्यंजनों के साथ त्योहार से जुड़ी यादें भी हजारों किलोमीटर दूर तक पहुंचीं।
जीपीओ में पैकिंग सुविधा, घर से भी मंगवा सकते हैं पार्सल
पार्सल भेजने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए डाक विभाग ने नागपुर के जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ), हेड पोस्ट ऑफिस और डिलीवरी पोस्ट ऑफिस में पैकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई थी। जो लोग पोस्ट ऑफिस तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए घर से ही पार्सल कलेक्शन की सुविधा भी रखी गई। विदेश भेजने के लिए पार्सल का शुल्क संबंधित देश के अनुसार निर्धारित किया गया है। उदाहरण के तौर पर 10 किलो के पार्सल के लिए अमेरिका में 9,051 रुपए, ब्रिटेन में 6,461 रुपए और जर्मनी में 5,876 रुपए शुल्क लिया जाता है। डाक विभाग ने पार्सल भेजने वालों को प्रत्येक वस्तु का सही एचएस (HS) कोड देने की सलाह दी है। इससे विदेशों में कस्टम क्लीयरेंस के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।