दिवाली मंडई से लौटते समय दो सड़क हादसे, तीन की मौत; एक गंभीर

    12-Nov-2026
Total Views |
- रामटेक और देवलापार के पास हुई दुर्घटनाएं
- भाऊबीज की पूर्व संध्या पर हुए हादसों से तीन परिवारों में मातम

Image Source:(Internet)

नागपुर:
दिवाली मंडई से लौट रहे लोगों के लिए मंगलवार की रात काल बन गई। नागपुर जिले के रामटेक और देवलापार के पास हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पहली दुर्घटना खानोरा के पास हुई। गांव की दिवाली मंडई में सिंघाड़े का स्टॉल लगाने वाले राम गोपाल लाड़े (55) पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोपहिया पर पीछे बैठे यश मस्कोले (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नागपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शीतलवाड़ी में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दूसरा हादसा शीतलवाड़ी क्षेत्र में हुआ। रामटेक की ओर जा रहे तीन लोगों के दोपहिया वाहन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में सौरभ अनंतराम वाधिवे (12) और अजय मधुकर कृपाले (29) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार माणिकराव गजाम (32) गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। भाऊबीज की पूर्व संध्या पर हुए इस हादसे से सौरभ के परिवार में मातम छा गया। उसके पिता फागोराम वाधिवे की शिकायत पर देवलापार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि दोनों हादसों के सभी पीड़ित दिवाली मंडई से लौट रहे थे।