भाऊबीज पर हादसे ने छीनी जिंदगी! सेपक टकरा खिलाड़ी अवनि बागले की मौत

    12-Nov-2026
Total Views |
- राज्य टीम में हुआ था चयन

Image Source:(Internet)

नागपुर
: भाऊबीज के दिन भाई को तिलक लगाने जा रही मां-बेटी की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। इस दुर्घटना में नागपुर की उभरती सेपक टकरॉ खिलाड़ी अवनि किशोर बागले (18) की मौत हो गई। हाल ही में उसका चयन राज्य की टीम में हुआ था और वह राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सपना देख रही थी। अवनि जाट तरोडी क्षेत्र में रहती थी। बुधवार शाम वह अपनी मां माधुरी मुकेश बागले के साथ नंदनवन से वाठोड़ा स्थित अपने भाई के घर जा रही थी। शाम करीब 7 बजे मां ने संघर्ष नगर चौक पर सिग्नल लाल होने के कारण दोपहिया वाहन रोका। सिग्नल हरा होने के कुछ ही सेकंड बाद पीछे से तेज रफ्तार वाहन चलाकर आ रहे तुषार बाबन बहोटे ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से माधुरी का दोपहिया से नियंत्रण छूट गया और अवनि नीचे गिरकर सिर के बल सड़क पर जा गिरी। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला
हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मेडिकल और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नंदनवन पुलिस ने वाहन चालक तुषार बाबन बहोटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली अवनि की मौत से परिवार और परिचितों को गहरा सदमा पहुंचा है। जिस दिन परिवार भाई-बहन के प्रेम का त्योहार मना रहा था, उसी दिन घर की होनहार बेटी की असमय मौत हो गई। इस घटना से शहर के खेल जगत में भी शोक व्यक्त किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का था सपना
अवनि सेपक टकरॉ की उभरती खिलाड़ी थी। यह खेल वॉलीबॉल की तरह होता है, लेकिन इसमें गेंद को हाथों के बजाय पैरों से खेला जाता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके इस खेल में अवनि ने अपने प्रदर्शन के दम पर राज्य टीम में जगह बनाई थी। वह नियमित रूप से नागपुर के शिवाजी साइंस कॉलेज मैदान पर अभ्यास करती थी। उसका सपना राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर शहर और राज्य का नाम रोशन करना था। लेकिन भाऊबीज के दिन हुए सड़क हादसे ने उसके इन सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया। उसकी असमय मौत से साथी खिलाड़ी और खेल प्रेमी स्तब्ध हैं।