- रोजाना 600 से 700 राइड होती थीं संचालित
- बिना लाइसेंस और परमिट के यात्रियों को ढोने का आरोप

Image Source:(Internet)
नागपुर: शहर में सस्ते और कम समय में सफर की सुविधा देने वाली रैपिडो बाइक टैक्सी सेवा अब बंद होने जा रही है। नागपुर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में इस सेवा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। शहर में रोजाना करीब 600 से 700 रैपिडो बाइक टैक्सी राइड संचालित होती थीं। खासकर सीताबर्डी, धंतोली, धरमपेठ, सदर और मिहान जैसे इलाकों में विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के बीच यह सेवा लोकप्रिय थी। कम किराए और ट्रैफिक के बीच आसानी से पहुंचने की सुविधा के कारण कई लोग इसका इस्तेमाल करते थे। हालांकि, यात्री परिवहन संगठनों की शिकायतों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। संगठनों का आरोप था कि बिना अधिकृत अनुमति के चल रही बाइक टैक्सियों के कारण ऑटो और अन्य यात्री परिवहन चालकों के व्यवसाय पर असर पड़ रहा है। इस संबंध में उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से शिकायत की थी।
एग्रीगेटर लाइसेंस के बिना चल रही थीं बाइक टैक्सियां
अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र मोटर वाहन अधिनियम के तहत ई-बाइक टैक्सी सेवा संचालित करने वाली कंपनियों के पास ई-बाइक टैक्सी एग्रीगेटर लाइसेंस होना अनिवार्य है। लेकिन अब तक आरटीओ या जिला प्रशासन की ओर से ऐसा कोई लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद निजी दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल व्यावसायिक रूप से यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा था। इसे मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन माना गया है। ट्रैफिक विभाग ने ऐसी बाइक टैक्सियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा से भी जुड़ी है।
परमिट और बीमा नहीं होने से सुरक्षा पर सवाल
ट्रैफिक विभाग के उपायुक्त आदित्य मिरखेलकर ने कहा कि बाइक टैक्सियों के पास व्यावसायिक परमिट और यात्रियों का बीमा नहीं होने से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। दुर्घटना होने की स्थिति में यात्री को मुआवजा मिलने में भी परेशानी हो सकती है। सेवा बंद होने के बाद यात्रियों को आवागमन के लिए अधिकृत विकल्पों का इस्तेमाल करना होगा। इनमें नागपुर मेट्रो, आपली बस, पंजीकृत टैक्सी और ऑटो रिक्शा शामिल हैं। बाइक टैक्सी पर निर्भर विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को अब अपनी दैनिक यात्रा के लिए वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था करनी होगी।