दिवाली पर नागपुर पुलिस ने जलाया उम्मीद का दीया, नशे के आदी युवक को जेल के बजाय भेजा पुनर्वास केंद्र

    12-Nov-2026
Total Views |
- मां की गुहार पर पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता
- एनडीपीएस एक्ट की धारा 64-ए के तहत मिली राहत

Image Source:(Internet)

नागपुर
: दिवाली पर नागपुर पुलिस ने एक ऐसा कदम उठाया, जिसने एक परिवार को नई उम्मीद दी है। लकड़गंज पुलिस ने गांजे की लत में फंसे 25 वर्षीय फैजान अनवर शेख को जेल भेजने के बजाय नशामुक्ति केंद्र पहुंचाने की पहल की। फैजान गंगा-जमुना इलाके में पला-बढ़ा है और गलत संगत के कारण गांजे का आदी हो गया था। एनडीपीएस एक्ट के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ा था। पूछताछ में अधिकारियों को लगा कि वह पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आया एक युवा है। इसी बीच उसकी मां पुलिस स्टेशन पहुंची और रोते हुए बेटे को बचाने की गुहार लगाई। मां की हालत देखकर पुलिस ने फैजान की काउंसलिंग की। समझाइश के बाद उसने नशा छोड़ने की इच्छा जताई और परिवार को भी सहयोग का भरोसा दिया।

जेल नहीं, नशामुक्ति केंद्र में होगा उपचार
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 64-ए के तहत उपलब्ध प्रावधान का सहारा लिया। इस धारा के अनुसार, स्वेच्छा से नशामुक्ति उपचार लेने वाले पात्र नशे के आदी व्यक्तियों को कानूनी संरक्षण मिल सकता है। पुलिस ने इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अदालत के सामने पेश की। अदालत ने फैजान को मानेवाड़ा स्थित नवजीवन नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराने का निर्देश दिया। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से एक मां को बेटे के सुधरने की उम्मीद मिली है। दिवाली के अवसर पर यह कदम नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को नई जिंदगी देने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बना है।