भूकंप के लिहाज से नागपुर सबसे सुरक्षित जोन में, घबराने की जरूरत नहीं : जीएसआई महानिदेशक

    12-Nov-2026
Total Views |
- सिस्मिक जोन-2 में आता है शहर
- 6 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप से हो सकता है बड़ा नुकसान
- हाल के झटके कम तीव्रता के

Image Source:(Internet)

नागपुर: नागपुर और आसपास के जिलों में हाल के दिनों में महसूस किए गए भूकंप के झटकों को लेकर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। शहर देश के सबसे कम भूकंप जोखिम वाले क्षेत्रों में शामिल है। यह जानकारी भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के महानिदेशक दिनेश गणवीर ने बुधवार को दी। हाल ही में जीएसआई प्रमुख का पदभार संभालने वाले गणवीर ने नागपुर स्थित संस्थान के कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि नागपुर सिस्मिक जोन-2 में आता है, जो देश की सबसे कम जोखिम वाली श्रेणी है। उन्होंने कहा कि रिक्टर स्केल पर 6 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप से बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका रहती है, जबकि नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में हाल में दर्ज किए गए भूकंप की तीव्रता काफी कम रही है। इसलिए इन घटनाओं को लेकर अनावश्यक डर या घबराहट की स्थिति नहीं है।

उमरेड से यवतमाल तक दर्ज हुए भूकंप के झटके
क्षेत्र में लगातार दर्ज हो रहे भूकंप के झटकों के बाद लोगों में चिंता बढ़ी है। 8 अक्टूबर को उमरेड क्षेत्र के पारडगांव तालाब के पास 2.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे था। इसके अगले दिन यवतमाल जिले के कलंब में दोपहर करीब 3 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसी दिन दोपहर 3.28 बजे खापरखेड़ा के पास सोहली क्षेत्र में 1.9 तीव्रता का एक और झटका दर्ज किया गया, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 4 किलोमीटर नीचे था। इसके अलावा 27 अक्टूबर को उमरेड तहसील के हल्दगांव और दवहा गांवों के पास भी 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इन घटनाओं के कारण मध्य भारत की भूकंपीय गतिविधियों पर ध्यान बढ़ा है।

2023 में दो, 2024 में दर्ज हुए 11 भूकंपीय घटनाक्रम
जीएसआई के अनुसार, मध्य भारत में भूकंपीय गतिविधियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में यहां दो भूकंपीय घटनाएं दर्ज की गई थीं, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 11 हो गई। हालांकि नागपुर अभी भी देश के सबसे कम भूकंप जोखिम वाले सीस्मिक जोन-2 में शामिल है, लेकिन अलग-अलग स्थानों पर लगातार महसूस हो रहे झटकों ने भूवैज्ञानिक अध्ययन और निगरानी की आवश्यकता को रेखांकित किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, किसी क्षेत्र में कम तीव्रता के झटके दर्ज होना अपने आप में बड़े भूकंप की आशंका का संकेत नहीं माना जा सकता। इसके लिए क्षेत्र की भूगर्भीय संरचना और लंबे समय के आंकड़ों का अध्ययन जरूरी होता है।

भारतीय और यूरेशियन प्लेट की हलचल से बनता है दबाव

गणवीर ने क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियों के संभावित कारणों को समझाते हुए बताया कि भारतीय प्लेट लगातार यूरेशियन प्लेट की ओर बढ़ रही है। हिमालय क्षेत्र में मेन हिमालयन थ्रस्ट के पास दोनों प्लेटों की टक्कर से पृथ्वी की ऊपरी परत में भारी दबाव उत्पन्न होता है। यह दबाव मुख्य रूप से हिमालयी क्षेत्र में भूकंप का कारण बनता है, लेकिन इसका प्रभाव मध्य भारत तक भी पहुंच सकता है। लंबे समय तक जमा होने वाला यह भूगर्भीय तनाव क्षेत्र में पहले से मौजूद भूगर्भीय दरारों (फॉल्ट लाइन्स) को दोबारा सक्रिय कर सकता है। इसी वजह से नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में कभी-कभी कम तीव्रता के भूकंप महसूस होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागपुर की भूकंपीय स्थिति को देखते हुए फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है।