कुंभ मेले से पहले त्र्यंबकेश्वर में भूकंप की निगरानी करेगा जीएसआई

    12-Nov-2026
Total Views |
- तीन महीने तक 24 घंटे रिकॉर्ड होंगे जमीन के भीतर होने वाले कंपन
- 750 किमी के दायरे में लगाए जाएंगे चार उपकरण

Image Source:(Internet)

नागपुर:
वर्ष 2027-28 में नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले में लाखों श्रद्धालुओं और साधु-संतों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र की भूकंपीय गतिविधियों का अध्ययन शुरू किया है। महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को नागपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीएसआई के महानिदेशक दिनेश गणवीर ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अध्ययन के तहत 750 किलोमीटर के दायरे में चार विशेष उपकरण लगाए जाएंगे। ये उपकरण लगातार तीन महीने तक 24 घंटे जमीन के भीतर होने वाले कंपन और हलचल को रिकॉर्ड करेंगे। इसके लिए विशेष तकनीकी प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा, जो दर्ज आंकड़ों का विश्लेषण कर भूकंपीय गतिविधियों की प्रकृति और तीव्रता का पता लगाएगी। अध्ययन पूरा होने के बाद जीएसआई अपनी विस्तृत रिपोर्ट महाराष्ट्र सरकार को सौंपेगा।

सड़क, पुल और घाटों के निर्माण में मिलेगी मदद
जीएसआई की इस निगरानी का उद्देश्य कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करना है। अध्ययन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर प्रशासन को क्षेत्र की भूगर्भीय स्थिति समझने में मदद मिलेगी। इसके अनुसार सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति व्यवस्था, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन से जुड़ी योजनाएं तैयार की जा सकेंगी। कुंभ मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में साधु-संत भी पहुंचते हैं। ऐसे में अस्थायी और स्थायी निर्माण कार्यों की योजना बनाते समय जमीन की स्थिति और संभावित भूकंपीय जोखिम का आकलन महत्वपूर्ण होगा।

महत्वपूर्ण खनिजों की खोज पर भी काम कर रहा जीएसआई
गणवीर ने संस्थान के अन्य शोध कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इस साल जीएसआई ने करीब 500 अनुसंधान परियोजनाएं शुरू की हैं। इनमें लगभग 300 परियोजनाएं महत्वपूर्ण खनिजों की खोज से जुड़ी हैं, ताकि भारत की आयात पर निर्भरता कम की जा सके। इन शोधों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, भू-रासायनिक और भू-भौतिकीय मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। समुद्र के नीचे मौजूद खनिज संपदा का अध्ययन भी इसमें शामिल है। इस अभियान में कई आईआईटी और 58 अन्वेषण एजेंसियां भागीदारी कर रही हैं।