IndiGo ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, 6 अक्टूबर से महंगा होगा हवाई सफर

    05-Oct-2026
Total Views |
- ATF की कीमतों में एक महीने में 14% से ज्यादा उछाल
- घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर बढ़ेगा शुल्क

Image Source:(Internet)

नई दिल्ली।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। एयरलाइन के मुताबिक, पिछले कुछ समय से ATF की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और हालिया महीने में ही इसमें 14% से अधिक का इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर एयरलाइंस की परिचालन लागत पर पड़ रहा है। IndiGo ने बताया कि बढ़ी हुई दरें 6 अक्टूबर 2026 से की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर लागू होंगी। ऐसे में त्योहारी सीजन और आने वाले महीनों में हवाई यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए टिकट की कुल लागत बढ़ सकती है। एयरलाइन ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ईंधन लागत को पूरी तरह संतुलित करने के लिए इससे भी अधिक सरचार्ज बढ़ाना पड़ता, लेकिन यात्रियों पर असर सीमित रखने के लिए अपेक्षाकृत नियंत्रित बढ़ोतरी की गई है।

ATF की कीमतों में तेज उछाल

IndiGo के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण विमान ईंधन की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। एयरलाइन ने कहा कि मौजूदा ATF कीमतों का स्तर परिचालन लागत को पिछले करीब एक दशक के सबसे ऊंचे स्तरों में पहुंचा रहा है। एयरलाइंस के कुल खर्च में ईंधन की बड़ी हिस्सेदारी होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी का असर एयरलाइन के नेटवर्क, परिचालन और टिकट कीमतों पर पड़ना स्वाभाविक है। IndiGo का कहना है कि मौजूदा स्थिति का असर केवल एक एयरलाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विमानन क्षेत्र की लागत संरचना और नेटवर्क इकोनॉमिक्स पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। कंपनी ने कहा कि उसने यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए फ्यूल सरचार्ज में सीमित और संतुलित वृद्धि करने का फैसला लिया है।

घरेलू उड़ानों पर दूरी के हिसाब से लगेगा नया सरचार्ज

नई व्यवस्था के तहत घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज दूरी के आधार पर अलग-अलग तय किया गया है। 500 किलोमीटर तक की उड़ान पर 375 रुपए का सरचार्ज लगेगा। वहीं 501 से 1,000 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए यह शुल्क 600 रुपए होगा। 1,001 से 1,500 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों पर यात्रियों को 900 रुपए फ्यूल सरचार्ज देना होगा। इसी तरह 1,501 से 2,000 किलोमीटर के बीच की उड़ान के लिए यह शुल्क 1,150 रुपए तय किया गया है। 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी की घरेलू उड़ानों पर सबसे ज्यादा 1,300 रुपए का फ्यूल सरचार्ज लगेगा। यानी लंबी दूरी की घरेलू उड़ानों में टिकट की कुल कीमत पर इसका प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक दिखाई देगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अधिकतम 6,000 रुपए तक शुल्क

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज क्षेत्र और दूरी के आधार पर निर्धारित किया गया है। SAARC क्षेत्र में 500 किलोमीटर तक की उड़ानों पर 1,000 रुपए और इससे अधिक दूरी पर 3,000 रुपए का शुल्क लगेगा। वहीं दक्षिण-पूर्व एशिया, GCC, पश्चिम एशिया तथा उत्तर और पूर्व एशिया के लिए फ्यूल सरचार्ज 5,500 रुपए तय किया गया है। अफ्रीका और यूरोप जाने वाले यात्रियों पर सबसे अधिक 6,000 रुपए का फ्यूल सरचार्ज लागू होगा। एयरलाइन के अनुसार, यह बदलाव केवल नई बुकिंग पर लागू होगा। बढ़ती ईंधन लागत के बीच इस फैसले से विमानन क्षेत्र में परिचालन खर्च और हवाई किरायों पर पड़ने वाले दबाव की एक बार फिर चर्चा तेज हो सकती है।