- पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की फिल्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम
- 240 से ज्यादा देशों में देख सकेंगे दर्शक

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। मिर्जापुर की सत्ता, साजिश और खूनी संघर्ष की दुनिया एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आई है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब ‘मिर्जापुर : द मूवी’ ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। खास बात यह है कि फिल्म का एक्सटेंडेड कट भी उपलब्ध कराया गया है, जिसमें दर्शकों को पहले कभी नहीं दिखाए गए अतिरिक्त सीन देखने को मिलेंगे। भारत के साथ दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में दर्शक इस फिल्म का आनंद ले सकेंगे। पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस क्राइम थ्रिलर में एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी के लिए संघर्ष, पुरानी दुश्मनी और वर्चस्व की लड़ाई देखने को मिलेगी। फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जबकि निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। इसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। सीरीज के लोकप्रिय किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने के बाद अब दर्शकों को घर बैठे उसी दुनिया में लौटने का मौका मिल रहा है।
पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की तिकड़ी फिर साथ
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर और श्वेता त्रिपाठी शर्मा भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में सोनल चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह जैसे कलाकार भी शामिल हैं। मिर्जापुर की पहचान रहे सत्ता के खेल, गैंगवार, बदले की भावना और किरदारों के बीच टकराव को इस बार बड़े कैनवास पर पेश किया गया है। दर्शकों के लिए खास आकर्षण पुराने लोकप्रिय किरदारों की वापसी है। फिल्म में कहानी का विस्तार करते हुए मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे की लड़ाई को नए अंदाज में दिखाया गया है।
निर्देशक बोले- फ्रेंचाइजी की पहचान और तेवर बरकरार
निर्देशक गुरमीत सिंह ने प्राइम वीडियो पर फिल्म की रिलीज को लेकर कहा कि उनका उद्देश्य मिर्जापुर की जानी-पहचानी दुनिया को बड़े कैनवास पर ले जाना था, लेकिन इसके मूल तेवर, सख्ती और इंटेंसिटी से समझौता नहीं किया गया। उन्होंने एक्सटेंडेड कट को प्रशंसकों के लिए खास तोहफा बताया। इसमें ऐसे दृश्य शामिल किए गए हैं, जो पहले दर्शकों ने नहीं देखे थे। निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने भी फ्रेंचाइजी को वर्षों से मिल रहे दर्शकों के प्यार और समर्थन पर खुशी जताई। उनके अनुसार मिर्जापुर की दुनिया को सिनेमाघरों तक ले जाना एक नया अनुभव था। अब ओटीटी रिलीज के जरिए ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को इस कहानी और इसके चर्चित किरदारों से दोबारा जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एक्सटेंडेड कट से मिलेगा कहानी का नया अनुभव
‘मिर्जापुर : द मूवी’ की ओटीटी रिलीज उन दर्शकों के लिए खास है, जो इस फ्रेंचाइजी के सत्ता संघर्ष और दमदार संवादों को पसंद करते हैं। एक्सटेंडेड कट में शामिल नए दृश्य कहानी के अनुभव को और विस्तार देते हैं। प्राइम वीडियो पर फिल्म उपलब्ध होने से भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय दर्शक भी मिर्जापुर की दुनिया का आनंद ले सकेंगे। सीरीज की लोकप्रियता के बाद फिल्म को सिनेमाघरों में लाना निर्माताओं के लिए नया प्रयोग था। अब ओटीटी पर इसकी दस्तक के साथ दर्शकों को एक बार फिर कालीन भैया, गुड्डू पंडित और अन्य किरदारों की दुनिया में लौटने का मौका मिल रहा है।