100 फीट ऊंची क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर गिरा, ऑपरेटर और एक श्रमिक की गई जान

Image Source:(Internet)
नागपुर। गणेशपेठ क्षेत्र में शुक्रवार को निर्माणाधीन म्हाडा (महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी) की इमारत में बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान करीब 100 फीट ऊंची क्रेन का ऊपरी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से क्रेन ऑपरेटर समेत दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस उपायुक्त राहुल मदने के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब निर्माण स्थल पर नियमित काम चल रहा था। मृतकों में एक क्रेन ऑपरेटर और एक मजदूर शामिल है। इनमें से एक मृतक महाराष्ट्र के भंडारा जिले का निवासी था, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया।
शिर्के कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला था ठेका, जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, म्हाडा की इस निर्माण परियोजना का ठेका शिर्के कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। निर्माण कार्य के दौरान क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर गिरने से यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। साथ ही क्रेन के गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्रेन में तकनीकी खराबी थी या निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन में कोई चूक हुई थी। हादसे के बाद निर्माण कार्य और वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल दोनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों और संभावित लापरवाही को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।