- कैप्टेंसी टास्क के दौरान दो कंटेस्टेंट्स के बीच बढ़ा विवाद
- माही विज और अन्य सदस्यों ने संभाली स्थिति

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में एक बार फिर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस बार दो कंटेस्टेंट्स गिल्लू और यंग डीएसए के बीच हुई तीखी बहस के दौरान अभिनेता मनीष गोयल की तबीयत बिगड़ गई। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। स्थिति को बिगड़ता देख मनीष ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और दोनों को एक-दूसरे से अलग करने लगे। इसी दौरान उन्हें अस्थमा अटैक आ गया। उनकी हालत बिगड़ती देखकर घर के अन्य सदस्य घबरा गए और तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे। माही विज, आसिफ खान और उदिति सिंह ने मनीष को संभालने की कोशिश की। इस घटना के बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। शो के ताजा एपिसोड में कैप्टेंसी टास्क के दौरान हुआ यह घटनाक्रम चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।
टास्क में बाहर होने के बाद भिड़े गिल्लू और यंग
दरअसल, बिग बॉस के घर में कैप्टेंसी टास्क आयोजित किया गया था। इस टास्क में माही विज को प्रतियोगिता से बाहर कर संचालक की जिम्मेदारी दी गई थी। गार्डन एरिया में अलग-अलग आकार की आकृतियां बनाई गई थीं। बिग बॉस की ओर से जिस आकार का नाम घोषित किया जाता, कंटेस्टेंट्स को तुरंत उस आकृति के अंदर अपनी जगह बनानी होती थी। टास्क के अलग-अलग राउंड में गिल्लू और युंग डीएसए निर्धारित आकृतियों में जगह बनाने में असफल रहे और प्रतियोगिता से बाहर हो गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। एक प्रोमो में स्काउट गिल्लू को बोर्ड से बाहर खींचते हुए नजर आते हैं। इसके बाद यंग डीएसए ने टिप्पणी करते हुए कहा, ‘बैल बुद्धि को एक नंबर खींचा है।’ इस टिप्पणी के बाद गिल्लू और यंग के बीच कहासुनी तेज हो गई और देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे को धक्का देने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे मनीष, बिगड़ी तबीयत
दोनों कंटेस्टेंट्स के बीच विवाद को शारीरिक झड़प में बदलते देख मनीष गोयल ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों को अलग करने और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान उनकी खुद की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्थमा अटैक आ गया। मनीष गार्डन एरिया में सांस लेने में परेशानी महसूस करने लगे। उन्हें इस हालत में देखकर घर के अन्य सदस्य तुरंत उनके पास पहुंचे। माही विज ने बिग बॉस से मनीष को मेडिकल रूम में भेजने की अपील की, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके। आसिफ खान और उदिति सिंह ने भी उनकी मदद की। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान घर के सदस्यों में चिंता का माहौल देखने को मिला। जिस विवाद को रोकने के लिए मनीष आगे आए थे, उसी बीच उनकी सेहत पर इसका असर पड़ गया।
‘ यंग, शांत हो जा प्लीज’, मनीष ने की अपील
तबीयत खराब होने के बावजूद मनीष ने घर के सदस्यों को शांत रहने की अपील की। उन्होंने यंग डीएसए से कहा, ‘ यंग, शांत हो जा प्लीज।’ यानी उन्होंने यंग से आवाज धीमी करने और विवाद को आगे नहीं बढ़ाने के लिए कहा। हालांकि, मनीष की तबीयत बिगड़ने के बाद भी गिल्लू और यंग के बीच बहस जारी रहने की बात सामने आई। बाद में यंग डीएसए ने मनीष को मेडिकल रूम तक पहुंचाने में मदद की। इस घटना ने घर में चल रहे कैप्टेंसी टास्क को पीछे छोड़ दिया और सभी का ध्यान मनीष की सेहत पर केंद्रित हो गया। शो के प्रोमो में भी इस घटनाक्रम को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। दोनों कंटेस्टेंट्स की भिड़ंत और मनीष के बीच-बचाव ने एपिसोड को काफी तनावपूर्ण बना दिया।
वाइल्ड कार्ड एंट्री से आए थे मनीष
गौरतलब है कि अभिनेता मनीष गोयल ने हाल ही में ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में एंट्री की थी। उनके साथ सोशल मीडिया क्रिएटर नकुल धुल भी घर में शामिल हुए थे। हालांकि, नकुल का सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा। गिल्लू के साथ हुई शारीरिक झड़प के बाद उन्हें घर से बाहर कर दिया गया था। अब गिल्लू और यंग डीएसए के बीच हुई भिड़ंत ने एक बार फिर घर के माहौल को गरमा दिया है। लगातार बढ़ते विवादों के बीच मनीष की तबीयत बिगड़ने की घटना ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बिग बॉस इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और घर के सदस्यों के बीच बढ़ते तनाव को किस तरह नियंत्रित किया जाता है।