यमुना में डुबकी लगाकर बोले मनोज तिवारी- दिल्ली में 30 किमी तक नदी साफ, AAP ने दी पानी पीने की चुनौती

    30-Oct-2026
Total Views |
- छठ पूजा से पहले सफाई को लेकर भाजपा-सब में जुबानी जंग
- सौरभ भारद्वाज बोले- कालिंदी कुंज घाट पर पीकर दिखाएं पानी

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क।
छठ पूजा से पहले दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सियासी घमासान शुरू हो गया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने गुरुवार को सोनिया विहार घाट पर यमुना में डुबकी लगाई और नदी का पानी पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में यमुना के कुल 58 किलोमीटर लंबे हिस्से में से करीब 30 किलोमीटर क्षेत्र की सफाई की जा चुकी है। उनके अनुसार, पिछले एक साल में नदी के प्रदूषण में लगभग 50 प्रतिशत तक कमी आई है। उन्होंने इस काम का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और जल मंत्री प्रवेश वर्मा को दिया। तिवारी ने स्पष्ट किया कि उनका दावा पूरी 58 किलोमीटर नदी की सफाई का नहीं, बल्कि आधे से अधिक हिस्से में सुधार का है। उन्होंने नदी के आसपास पक्षियों की मौजूदगी का जिक्र करते हुए कहा कि यह पर्यावरण में हो रहे सकारात्मक बदलाव का संकेत है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने उनके दावे पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रचार बताया और कालिंदी कुंज घाट पर यमुना का पानी पीने की चुनौती दे दी।

स्थायी घाट और तालाब बनाने की मांग
मनोज तिवारी ने यमुना की सफाई को छठ पूजा की तैयारियों से जोड़ते हुए कहा कि यह पर्व प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पार्कों में अस्थायी गड्ढे बनाकर पूजा करने के बजाय नदियों और तालाबों जैसे प्राकृतिक जलस्रोतों के किनारे पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के लिए अस्थायी गड्ढे खोदने और कुछ दिन बाद उन्हें भरने के बजाय स्थायी घाट और तालाब विकसित किए जाने चाहिए। भाजपा सांसद ने दावा किया कि नदी के विभिन्न स्थानों पर पानी की गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। उन्होंने ड्रेजिंग यानी नदी की तलहटी से गाद निकालने की योजना का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर जलस्तर में अंतर है, जिसे सुधारने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाना नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ यमुना देना है।

सौरभ भारद्वाज का पलटवार

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने मनोज तिवारी के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता यमुना की वास्तविक स्थिति को समझे बिना सफाई का श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पल्ला से वजीराबाद तक का करीब 26 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही तुलनात्मक रूप से साफ रहा है। इसके समर्थन में उन्होंने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की रिपोर्ट का हवाला दिया। भारद्वाज के अनुसार, सिग्नेचर ब्रिज के पास नजफगढ़ नाले का पानी यमुना में मिलने के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। उन्होंने दावा किया कि इस नाले से प्रतिदिन करीब 862 मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी नदी में पहुंचता है, जिससे आगे का हिस्सा अधिक प्रदूषित होता है। उन्होंने पिछले साल छठ पूजा के दौरान हथिनीकुंड बैराज से हरियाणा सरकार द्वारा अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का भी उल्लेख किया। भारद्वाज ने मनोज तिवारी और जल मंत्री प्रवेश वर्मा को कालिंदी कुंज घाट पर यमुना का पानी पीने की चुनौती देते हुए कहा कि पिछले साल भी भाजपा नेता इस चुनौती से पीछे हट गए थे और इस बार भी ऐसा ही होगा।

किरेन रिजिजू ने दिया स्विमिंग प्रतियोगिता का सुझाव
यमुना की सफाई को लेकर चल रही इस राजनीतिक बहस में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मनोज तिवारी की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए सुझाव दिया कि यदि यमुना का पानी इतना साफ हो गया है, तो दोनों के बीच नदी में स्विमिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा सकती है। रिजिजू की इस टिप्पणी ने राजनीतिक बहस में एक हल्का-फुल्का मोड़ जोड़ दिया। दूसरी ओर, आप और भाजपा के बीच नदी की सफाई को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। जहां भाजपा सांसद सफाई कार्य में सुधार का दावा कर रहे हैं, वहीं आप नेता नदी के प्रदूषित हिस्सों और पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। छठ पूजा से पहले यमुना की वास्तविक स्थिति और सफाई के दावों को लेकर यह विवाद अब राजनीतिक चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।