फ्लाइट हाईजैक की कोशिश के आरोपी को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट से कट्टरपंथी विचारधारा का दावा

    02-Oct-2026
Total Views |
ओमानी को-पायलट पर भारतीय पायलट स्मित पर हमले और विमान पर नियंत्रण की कोशिश का आरोप

Flight hijackImage Source:(Internet) 

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर पर कथित हमले और विमान (Flight) पर नियंत्रण करने की कोशिश के मामले में आरोपी ओमानी को-पायलट को लेकर जांच में कई गंभीर दावे सामने आए हैं। द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, एक इजरायली अधिकारी ने दावा किया कि आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में यह संकेत मिले कि वह कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। अधिकारी के मुताबिक, उसके अकाउंट पर यहूदियों के खिलाफ नफरत भरी सामग्री और हिंसा की अपील करने वाली पोस्ट मिलीं। हालांकि, इन सोशल मीडिया पोस्ट और आरोपी की विचारधारा से जुड़े दावों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

विमान में मौजूद लोगों ने काबू किया
घटना के दौरान यात्रियों और ड्यूटी से बाहर मौजूद पायलटों ने आरोपी को काबू करने में मदद की, जिसके बाद विमान ने सुरक्षित रूप से आपात लैंडिंग की। घटना के बाद आरोपी को सऊदी अरब में गिरफ्तार किया गया था। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी दावा किया कि आरोपी को काबू किए जाने के बाद वह कथित तौर पर आत्महत्या करने की बात कह रहा था और “मुझे मारो” चिल्ला रहा था। नेतन्याहू के अनुसार, आरोपी विमान को नष्ट करने और आत्महत्या करने के इरादे से विमान में सवार हुआ था। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोपी के ईरान से संभावित संबंधों की संभावना भी उठाई है। इन दावों की जांच एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं।
 
UAE के नेतृत्व में जांच, कॉकपिट तक हथियार पहुंचने की भी पड़ताल
घटना के बाद इजरायल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने सुरक्षा समीक्षा के तहत फ्लाईदुबई की उड़ानों को निलंबित करने की घोषणा की। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी एक धारदार हथियार लेकर कॉकपिट तक कैसे पहुंचा। मामले की मुख्य जांच UAE Public Prosecutor’s Office के नेतृत्व में चल रही है, जबकि सऊदी अरब, इजरायल, अमेरिका और ओमान की एजेंसियां इसमें सहयोग कर रही हैं। सऊदी अरब ने आरोपी को UAE को सौंप दिया है। जांच एजेंसियां आरोपी की पृष्ठभूमि, सोशल मीडिया गतिविधियों, संभावित वैचारिक प्रभाव, हथियार विमान तक पहुंचने के तरीके और घटना के पीछे के उद्देश्य समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।