जंतर-मंतर पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन: 700 से ज्यादा हिरासत में, कई जगह तनाव की स्थिति

    02-Oct-2026
Total Views |
प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने का दावा, विपक्षी नेताओं ने भी लिया हिस्सा

CEC
 Image Source:(Internet)
 
एबी न्यूज नेटवर्क। नई दिल्ली में शुक्रवार को जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने 700 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। प्रदर्शन का आह्वान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच किया गया था। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा भी प्रदर्शन में पहुंचे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। AISA नेता नेहा बोरा और सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव समेत कई अन्य प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
 
इंटरनेट प्रभावित, चोटों की भी सूचना
प्रदर्शन के बीच जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने की खबर सामने आई। कुछ लोगों को फोन पर सरकारी निर्देश के आधार पर इलाके में इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद होने का संदेश मिला। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की सूचना भी सामने आई। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों को चोटें आई हैं और मामले का आकलन किया जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग की गई। दिल्ली मेट्रो ने भी सुरक्षा कारणों से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों के कई स्टेशनों के प्रवेश और निकास को अस्थायी रूप से बंद किया।
 
संजय सिंह सड़क पर बैठे, संसद जाने से रोके जाने का आरोप
AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को संसद की ओर जाने से रोके जाने के बाद उन्होंने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि वह संसद में कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाना चाहते थे, लेकिन उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए CEC के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने कहा कि NSUI कार्यकर्ताओं ने भी मार्च निकाला, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया और कहा कि लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर नागरिकों के विरोध के अधिकार को रोका नहीं जाना चाहिए।

SIR और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष का विरोध
प्रदर्शनकारियों और विपक्षी दलों का मुख्य मुद्दा चुनावी प्रक्रिया तथा मतदाता सूचियों के SIR से जुड़ी कथित अनियमितताएं हैं। प्रदर्शन आयोजित करने वाले समूहों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। पुलिस ने इससे पहले भी स्पष्ट किया था कि प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 5,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी तथा कई मार्गों पर बैरिकेड लगाए गए थे।