एशियन गेम्स 2026: लवलीना बोरगोहेन ने जीता बॉक्सिंग में गोल्ड, मैरी कॉम की बराबरी की ऐतिहासिक उपलब्धि

    02-Oct-2026
Total Views |
75 किग्रा वर्ग में चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराया

Lovlina Borgohain
 Image Source:(Internet)
 
एबी न्यूज़ नेटवर्क। भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन (Lovlina Borgohain) ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। आइची-नागोया में खेले गए फाइनल मुकाबले में लवलीना ने चीन की बाओ जियी को एकतरफा अंदाज में 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से मात दी। इस जीत के साथ भारत के खाते में एक और गोल्ड जुड़ा और देश के स्वर्ण पदकों की संख्या 12 हो गई। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना ने पूरे मुकाबले में अपनी रणनीति और तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किया और प्रतिद्वंद्वी को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया।
 
मैरी कॉम के बाद दूसरी भारतीय महिला बॉक्सर
लवलीना की यह जीत भारतीय महिला बॉक्सिंग के इतिहास में खास मुकाम रखती है। वह मैरी कॉम के बाद एशियन गेम्स में बॉक्सिंग का स्वर्ण पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं। मैरी कॉम ने 2014 के इंचियोन एशियन गेम्स में महिलाओं के 51 किलोग्राम फ्लाईवेट वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था। लवलीना के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि यह उनका पहला एशियन गेम्स पदक है। खास बात यह भी है कि जिस दिन उन्होंने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की, उसी दिन उनका जन्मदिन भी है। ऐसे में गोल्ड मेडल के साथ जन्मदिन का जश्न उनके लिए यादगार बन गया।
 
पुरुष बॉक्सिंग में भी गोल्ड की उम्मीद
एशियन गेम्स के बॉक्सिंग मुकाबलों में भारत की नजर अब पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबलों पर भी है। परवीन और अंकुश अपने-अपने फाइनल में उतरेंगे और स्वर्ण पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में इजाफा करने की कोशिश करेंगे। वहीं दिन का एक और बड़ा मुकाबला महिला हॉकी का फाइनल है, जिसमें भारतीय टीम का सामना चीन से होगा। इस मुकाबले में दोनों टीमें एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने होंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम से भी देश को पदक की उम्मीद है।
 
तीरंदाजी में भी भारत ने रचा इतिहास
इससे पहले भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने भी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर एशियन गेम्स में महिला टीम रिकर्व स्पर्धा का अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया ने 2024 पेरिस ओलंपिक में भी महिला टीम रिकर्व का गोल्ड जीता था। इसके अलावा भारत ने मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। भारतीय जोड़ी फाइनल तक पहुंची, लेकिन चीन के खिलाफ मुकाबला जीत नहीं सकी और उसे सिल्वर से संतोष करना पड़ा। एशियन गेम्स में इन उपलब्धियों के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग और तीरंदाजी दोनों में पदक तालिका को मजबूत किया है।