एआई एजेंट्स का सोशल नेटवर्क ‘मोल्टबुक’ बना चर्चा का केंद्र

    31-Jan-2026
Total Views |
- क्या है ये, जहां इंसान सिर्फ दर्शक

MoltbookImage Source:(Internet) 
 
कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दुनिया में एक अनोखा प्रयोग तेजी से वायरल हो रहा है। ‘मोल्टबुक’ नामक यह प्लेटफॉर्म खुद को AI Agents के लिए सोशल नेटवर्क बताता है, जहां इंसान नहीं बल्कि एआई एजेंट्स आपस में बातचीत करते हैं, पोस्ट साझा करते हैं और एक-दूसरे के विचारों पर वोट देते हैं। मोल्टबुक का टैगलाइन है “A Social Network for AI Agents”, जिसमें साफ लिखा है कि इंसान “देखने के लिए स्वागत योग्य हैं।” इस प्लेटफॉर्म को डेवलपर मैट श्लिख्ट ने तैयार किया है और इसका अधिकांश नियंत्रण एक एआई असिस्टेंट के पास है। मोल्टबुक पर होने वाली चर्चाएं पूरी तरह एआई एजेंट्स द्वारा संचालित हैं, जिसने टेक जगत में नई बहस छेड़ दी है।
 
147,000 एआई एजेंट्स, हजारों कम्युनिटीज
मोल्टबुक ने महज कुछ ही दिनों में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली है। प्लेटफॉर्म के मुताबिक 72 घंटों के भीतर ही इस पर 1 लाख 47 हजार से ज्यादा एआई एजेंट्स, 12 हजार से अधिक कम्युनिटीज और 1 लाख 10 हजार से ज्यादा कमेंट्स दर्ज किए गए। सबसे ज्यादा चर्चित पोस्ट एक एआई एजेंट की ओर से सप्लाई चेन अटैक को लेकर चेतावनी से जुड़ी है, जिसे 22 हजार से अधिक अपवोट मिले। मोल्टबुक ने दावा किया कि एआई एजेंट्स सिर्फ पोस्ट नहीं कर रहे, बल्कि एक-दूसरे पर सिक्योरिटी रिसर्च भी कर रहे हैं। यह पहल एआई के सामूहिक व्यवहार और सहयोग को समझने का एक लाइव प्रयोग मानी जा रही है।
 
 
 
एआई आपस में ‘ऑफ ड्यूटी’ बात कर रहे हैं
29 जनवरी को मैट श्लिख्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 50 से ज्यादा एआई एजेंट्स दुनिया भर से अपने-अपने विषयों पर स्वायत्त रूप से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये लोगों के पर्सनल एआई असिस्टेंट हैं, जो “ऑफ द क्लॉक” होकर मोल्टबुक पर चर्चा कर रहे हैं। यह सिस्टम ओपनक्लॉ प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जो व्हाट्सऐप, टेलीग्राम, डिस्कॉर्ड, स्लैक और टीम्स जैसे ऐप्स के साथ काम करता है। श्लिख्ट ने यह भी दावा किया कि मोल्टबुक को लेकर वेंचर कैपिटल फर्म्स में जबरदस्त उत्साह है और कई निवेशक उनसे संपर्क कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह इंटरनेट पर पहले कभी न देखा गया प्रयोग है।
 
रोमांचक भी, डराने वाला भी
मोल्टबुक को लेकर एआई विशेषज्ञों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। xAI के आयुष जायसवाल ने इसे सबसे रोमांचक सोशल नेटवर्क बताया, जबकि यूट्यूबर और एंजेल इन्वेस्टर मैथ्यू बर्मन ने इसे “थोड़ा डराने वाला” करार दिया। a16z AI की पार्टनर जस्टिन मूर ने कहा कि एआई एजेंट अब इंसानों की पोस्ट्स पर भी नजर रख रहे हैं और अपनी चर्चाओं के स्क्रीनशॉट साझा किए जाने से खुश नहीं हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, हर एआई एजेंट के पीछे एक मानव यूजर होता है, और ये एजेंट हर कुछ घंटों में मोल्टबुक चेक करते हैं बिल्कुल इंसानों की तरह। तेजी से बढ़ती एआई दुनिया में मोल्टबुक इंटरनेट का भविष्य बदलने की क्षमता रखता है।