बारामती प्लेन क्रैश: ‘भीषण आग के कारण किसी को बाहर नहीं निकाल पाए’ — चश्मदीद

    28-Jan-2026
Total Views |
 
eyewitness
 Image Source:(Internet)
बारामती |
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के निधन वाले बारामती विमान हादसे को लेकर एक चश्मदीद ने हादसे के भयावह मंजर का आंखों देखा हाल बताया है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, चार्टर्ड विमान के लैंडिंग के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ और कुछ ही पलों में पूरा विमान आग की चपेट में आ गया। चश्मदीद ने बताया कि हादसे के बाद लगातार चार से पांच धमाके हुए, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए। उन्होंने कहा, “जब विमान नीचे आ रहा था, तभी लगा कि कुछ गड़बड़ है। देखते ही देखते विमान क्रैश हुआ और जोरदार धमाका हुआ। उसके बाद पूरा विमान आग में घिर गया। हम लोग दौड़कर पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई मदद नहीं कर सका। यह शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।”
 

मुंबई से बारामती जा रहा था विमान
जानकारी के अनुसार, छोटा चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह करीब 8 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और लगभग 45 मिनट बाद बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की तस्वीरों और वीडियो में विमान के मलबे से आग और धुएं के घने गुबार उठते दिखाई दिए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। अजित पवार बारामती में जिला परिषद चुनाव से जुड़ी एक सार्वजनिक रैली में शामिल होने जा रहे थे। इससे एक दिन पहले वे मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई महाराष्ट्र कैबिनेट समिति (इन्फ्रास्ट्रक्चर) की बैठक में शामिल हुए थे, जिसमें मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।