Image Source:(Internet)
नागपुर/मुंबई |
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार (Ajit Pawar) के बारामती में हुए दर्दनाक विमान हादसे में निधन पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मीडिया से बातचीत में गडकरी ने इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए कहा कि अजित पवार का जाना न केवल राजनीतिक रूप से बल्कि व्यक्तिगत तौर पर भी उनके लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा, “अजित पवार मेरे राजनीतिक जीवन के करीबी मित्र थे और हमारे पारिवारिक संबंध भी थे। उनका अचानक चले जाना बेहद दुखद है। पार्टी की ओर से मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा, सभी पांच लोगों की मौत
यह भीषण हादसा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब मुंबई से बारामती जा रहा छोटा चार्टर्ड विमान सुबह करीब 8 बजे उड़ान भरने के बाद लगभग 45 मिनट बाद लैंडिंग के प्रयास के दौरान बारामती एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और मौके से धुएं के घने गुबार उठते देखे गए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। अजित पवार बारामती में जिला परिषद चुनाव से जुड़ी एक सार्वजनिक रैली में शामिल होने जा रहे थे। इससे एक दिन पहले वे मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में आयोजित महाराष्ट्र कैबिनेट समिति (इन्फ्रास्ट्रक्चर) की बैठक में शामिल हुए थे, जिसमें मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।