स्थानीय निकाय चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी: एकनाथ शिंदे

    15-Jan-2026
Total Views |
 
Eknath ShindeImage Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र में चल रहे स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित किया जा रहा है। अमिट स्याही को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए शिंदे ने कहा कि वर्षों से वही स्याही इस्तेमाल की जा रही है और इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंध में सीधे चुनाव आयोग से चर्चा की है। “चुनाव आयोग ने बताया है कि यही स्याही लंबे समय से प्रयोग में है और फर्जी मतदान रोकने के लिए सभी जरूरी एहतियात बरती गई है,” शिंदे ने कहा।
 
ईवीएम और फर्जी मतदान के आरोपों पर चुनाव आयोग की तैयारी
ठाणे के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम बंद होने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि चुनाव आयोग ने ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी की है। उन्होंने बताया कि जहां-जहां मशीनों में तकनीकी खराबी आई है, वहां का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है और आवश्यक कदम उठाए गए हैं। फर्जी मतदान के आरोपों पर शिंदे ने कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहते हैं और यह उनकी भी जिम्मेदारी है कि किसी भी तरह की अनियमितता न होने दें। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार की आशंका से घबराकर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। “वे जानते हैं कि उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा, इसलिए ईवीएम और स्याही को लेकर कहानियां गढ़ी जा रही हैं,” शिंदे ने आरोप लगाया।
 
मतदान को लेकर उत्साह, लोकतंत्र के लिए हर वोट अहम
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में मतदान को लेकर जनता में उत्साह देखने को मिल रहा है, जो लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें, क्योंकि लोकतंत्र में हर वोट का महत्व होता है। शिंदे ने ठाणे के किसान नगर क्षेत्र स्थित एक नगर निगम स्कूल में अपनी पत्नी लता शिंदे, पिता संभाजी शिंदे और पुत्र, शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के साथ मतदान किया। उल्लेखनीय है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों में करीब आठ साल बाद मतदान हो रहा है। कुल 1,03,44,315 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 55,16,707 पुरुष, 48,26,509 महिलाएं और 1,099 अन्य मतदाता शामिल हैं। गुरुवार सुबह मतदान की शुरुआत धीमी रही और सुबह 9.30 बजे तक करीब 7.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।