अमरावती रोड फ्लाईओवर का दूसरा चरण 12 सितंबर से होगा शुरू

    10-Sep-2025
Total Views |
 
Amravati Road flyover
 (Image Source-Internet)
नागपुर|
शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। शहर में अमरावती रोड (Amravati Road) पर यात्रा का समय अब काफी कम होने जा रहा है। 12 सितंबर को आरटीओ से फुताला स्क्वेयर तक 2.843 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के दूसरे चरण का शुभारंभ होगा। इस फ्लाईओवर का नाम 'ज्ञानयोगी डॉ. श्रीकांत जिचकर फ्लाईओवर’ रखा गया है। नया मार्ग पेट्रोल पंप से शुरू होकर फुताला तक जाता है। इससे पहले वाड़ी पुलिस स्टेशन से गुरुद्वारा तक का 1.95 किलोमीटर लंबा पहला खंड जनता के लिए पहले ही खोल दिया गया था। अब दोनों चरण मिलाकर यात्री 5 किलोमीटर का सफर महज पांच मिनट में पूरा कर सकेंगे। वाहनों को अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति दी गई है, हालांकि 60 की स्पीड पर भी फ्लाईओवर आसानी से पार किया जा सकेगा।
 
विलंब के बावजूद बिना हादसों के पूरा हुआ निर्माण
दूसरे चरण का काम लगभग एक साल की देरी से पूरा हुआ। पेड़ों की कटाई और प्रशासनिक मंजूरी में समय लगने से परियोजना रुकी रही। इसके बावजूद निर्माण के दौरान किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली। फ्लाईओवर के लिए कुल 766 सेगमेंट लगाए गए, वहीं भारत नगर के पास एक पेड़ को बचाने के लिए दो फाउंडेशन में विशेष बदलाव भी किए गए। सबसे अहम उपलब्धि यह रही कि लॉ कॉलेज स्क्वेयर पर 65 मीटर लंबे और 250 टन वजनी छह विशाल गर्डर अत्याधुनिक मलेशियाई तकनीक से सफलतापूर्वक स्थापित किए गए। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल अमरावती रोड का यातायात सुगम होगा बल्कि नागपुर की आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी।