नागपुर में बड़ा खुलासा : बांग्लादेशी नागरिक ने बनाए दो भारतीय पासपोर्ट

    20-Aug-2025
Total Views |
 
Bangladeshi citizen
 (Image Source-Internet)
नागपुर :
शहर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बांग्लादेशी (Bangladeshi) नागरिक ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे दो भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिए। जब आरोपी ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया, तब यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान जोश चौधरी (49) पुत्र सुशील चौधरी, निवासी न्यू काटोल रोड, नागपुर के रूप में हुई है। मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला चौधरी, बालाघाट जिले के यशोधरा क्षेत्र में लंबे समय से रह रहा था।
 
फर्जी दस्तावेजों से मिली पहचान
जानकारी के अनुसार, आरोपी वर्ष 2011 में बांग्लादेश से नागपुर आया और यहीं बस गया। इसी दौरान उसने एजेंटों की मदद से बांग्लादेशी कागजों के आधार पर दो भारतीय पासपोर्ट बनवा लिए। जब उसने भारतीय नागरिकता पाने की प्रक्रिया शुरू की तो फर्जी दस्तावेजों का यह खेल उजागर हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि पासपोर्ट बनाने में कुछ एजेंटों ने उसकी मदद की थी। अब यह जांच की जा रही है कि आखिर किसने यह प्रक्रिया आसान बनाई और दस्तावेज कैसे तैयार हुए।
 
पुलिस अलर्ट, जांच होगी तेज
इस मामले ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। आशंका जताई जा रही है कि नागपुर और राज्य के अन्य हिस्सों में भी कई बांग्लादेशी नागरिक फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहे होंगे और पासपोर्ट भी बनवा चुके होंगे। अधिकारियों ने जांच तेज कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने ऐसे लोग फर्जी पहचान बनाकर शहर और प्रदेश में सक्रिय हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होगी।