इंडिगो संकट गहराया! 200 उड़ानें रद्द, ओटीपी 35% पर पहुंचा

    04-Dec-2025
Total Views |
- क्रू की कमी और नए 'फ्लाइट ड्यूटी' नियमों से संचालन बाधित

IndiGo crisisImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) इन दिनों गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है। मंगलवार को एयरलाइन की ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) सिर्फ 35% रह गई, यानी उसके 1,400 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं। इसका असर बुधवार को भी जारी रहा और दोपहर तक दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स पर लगभग 200 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मुंबई एयरपोर्ट ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह जारी की। इससे पहले इंडिगो नवंबर माह में ही 1,232 उड़ानें रद्द कर चुकी है, जिससे यात्रियों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है।
 
नए FDTL नियमों ने बढ़ाई चुनौती
इंडिगो के संकट की सबसे बड़ी वजह हाल ही में लागू किए गए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम हैं, जिनमें पायलट और केबिन क्रू के लिए अधिक विश्राम समय और सख्त रोस्टरिंग अनिवार्य की गई है। इन नियमों के तहत प्रतिदिन अधिकतम 8 घंटे, सप्ताह में 35 घंटे, महीने में 125 घंटे और वर्ष में 1,000 घंटे की उड़ान सीमा तय की गई है। इसके अलावा, उड़ान अवधि के दोगुने समय का विश्राम तथा 24 घंटे में कम से कम 10 घंटे का अनिवार्य ब्रेक शामिल है। इन बदलावों की वजह से अचानक क्रू की भारी कमी उत्पन्न हो गई और कई उड़ानें आवश्यक स्टाफ के अभाव में ग्राउंडेड रहीं। कई रूट्स पर 6 से 8 घंटे तक की देरी दर्ज की गई। इंडिगो की 60% से अधिक घरेलू मार्केट शेयर होने के कारण इसका व्यापक असर देशभर के एयरपोर्ट्स पर देखने को मिला। हैदराबाद के RGIA में 33, बेंगलुरु में 42 और दिल्ली में बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द या विलंबित रहीं। दिल्ली एयरपोर्ट पर अमाडेयुस चेक-इन सिस्टम की धीमी गति ने हालात और बिगाड़ दिए।
 
इंडिगो की माफी, '48 घंटे में सुधार का दावा'
लंबी कतारों और अंतिम समय में मिली जानकारी ने यात्रियों को परेशान कर दिया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी नाराज़गी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें उड़ान में बदलाव की जानकारी एयरपोर्ट पहुँचने से कुछ मिनट पहले ही दी गई। कंपनी ने बयान जारी कर परिचालन चुनौतियों, टेक्निकल समस्याओं, विंटर शेड्यूल, मौसम और एयरस्पेस कंजेशन के साथ नए FDTL नियमों को देरी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इंडिगो ने यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि वह अगले 48 घंटों में “संतुलित शेड्यूल एडजस्टमेंट” कर संचालन सामान्य करने की कोशिश कर रही है। प्रभावित यात्रियों को रिफंड या वैकल्पिक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।