Image Source:(Internet)
नागपुर।
शुक्रवार सुबह शहीद गोवारी फ्लाईओवर (Shahid Gowari flyover) पर एक बार फिर लापरवाही का नज़ारा देखने को मिला। चंद्रपुर की ओर से आ रहा एक टैंकर सुबह करीब 7.30 बजे ऊंचाई प्रतिबंध (हाइट बैरियर) से टकरा गया और उसमें फंस गया। भारी वाहनों के प्रवेश पर स्पष्ट रोक के बावजूद चालक ने फ्लाईओवर चढ़ने की कोशिश की, जिसके चलते पीक आवर्स में ट्रैफिक पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि टैंकर खाली था। सूत्रों ने बताया कि यह वही गाड़ी है जो पहले पेट्रोल ले जाती थी ऐसे में भरा होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
एक ही दिन दो घटनाएं - बार-बार हो रहा नियमों का उल्लंघन
शुक्रवार, 12 दिसंबर की तड़के भी इसी फ्लाईओवर पर ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब एक ट्रक हाइट बैरियर से टकरा गया। लगातार हो रहे इन टकरावों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी हैं। पुलिस और यातायात विभाग का कहना है कि जगह-जगह चेतावनी बोर्ड और ऊंचाई-नियंत्रण संरचना होने के बावजूद कई चालक नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।
प्रशासन की सख्ती के बावजूद लापरवाही जारी
शहीद गोवारी आदिवासी फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ऊंचाई सीमा बार लगाए गए हैं, ताकि ट्रकों और टैंकरों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना पड़े। बावजूद इसके, बार-बार हो रहे उल्लंघन से साफ है कि कई वाहन चालक चेतावनियों को अनदेखा कर रहे हैं। पुलिस टीम ने सुबह के हादसे के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए टैंकर को हटाया और यातायात बहाल किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों पर अब और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था और खतरे से बचा जा सके।