Red Fort Blast : पीएम मोदी ने जताया शोक, कांग्रेस नेताओं ने भी जताया शोक

    11-Nov-2025
Total Views |

Red Fort Blast PM Modi expressed grief Congress leaders also expressed grief
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए भीषण कार धमाके ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन लोग घायल हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह विस्फोट शाम 7 बजे सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के पास एक ह्युंडई i20 कार में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और इलाके में अफरा तफरी मच गई। मौके पर दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच, एनएसजी और एनआईए की टीमें पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के आदेश दिए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तुरंत स्थिति का संज्ञान लिया और लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल (LNJP) पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों और दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से मुलाकात कर घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। शाह ने बताया कि विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा कि सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है और एनएसजी, एनआईए और फॉरेंसिक टीमें मामले की गहराई से जांच में जुटी हैं। शाह ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धमाके में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “दिल्ली में हुए धमाके में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थिति की समीक्षा गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ की है।” वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस घटना को “बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा, “इस दुख की घड़ी में मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
कांग्रेस नेताओं ने भी जताया शोक, निष्पक्ष जांच की मांग
इस हादसे पर विपक्षी नेताओं ने भी गहरा शोक जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ विस्फोट बेहद चिंताजनक है। सरकार को चाहिए कि इस घटना की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए।” प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, “दिल्ली में हुए धमाके की खबर अत्यंत दुखद है। भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति दें और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।” वहीं राहुल गांधी ने भी इस घटना को “बेहद हृदयविदारक और चिंताजनक” बताया और कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। इस बीच, जांच एजेंसियों ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और प्राथमिक जांच में कार में विस्फोटक सामग्री के होने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को लेकर हर एंगल से जांच कर रही हैं।