Image Source:(Internet)
मुंबई।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) को लेकर सोमवार रात से सोशल मीडिया पर चल रही निधन की अफवाहों पर उनकी बेटी ईशा देओल ने विराम लगा दिया है। ईशा ने मंगलवार सुबह इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर कहा, “मीडिया झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और वे धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं। कृपया हमारे परिवार को थोड़ी निजता दें और पापा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करें।” ईशा ने अपने पोस्ट का कमेंट सेक्शन भी बंद कर दिया, ताकि अफवाहें और फैल न सकें।
ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, लगातार निगरानी में धर्मेंद्र
89 वर्षीय धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ के बाद एक सप्ताह पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। अप्रैल में धर्मेंद्र की आंख की सर्जरी भी हुई थी। उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी, बेटे सनी और बॉबी देओल, तथा पोते करण और राजवीर देओल सोमवार शाम अस्पताल पहुंचे थे। हेमा मालिनी ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा, “धर्म जी अस्पताल में ऑब्जर्वेशन के लिए भर्ती हैं। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। हम सभी उनके साथ हैं और सभी से उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं।”
फिल्म जगत से दुआओं का दौर जारी
धर्मेंद्र की तबीयत की खबर सुनते ही बॉलीवुड के कई सितारे उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे। शाहरुख खान, उनके बेटे आर्यन, सलमान खान, गोविंदा और अमीषा पटेल ने भी अस्पताल जाकर परिवार से मुलाकात की। धर्मेंद्र को शोले, चुपके चुपके, धरम वीर और ड्रीम गर्ल जैसी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए याद किया जाता है। वे हाल ही में फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में नजर आए थे और जल्द ही फिल्म इक्कीस में दिखेंगे, जिसमें अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं। प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।