नागपुर : फिलीपींस के न्यू क्लार्क सिटी में आयोजित एशियन मास्टर्स टूर्नामेंट में विजेता भारतीय टीम में शामिल हुए नागपुर के खिलाड़ियों को नागपुर महानगरपालिका ने सम्मानित किया। मनपा अपर आयुक्त डॉ. सुनील लहाने ने सभी खिलाड़ियों का सत्कार किया। इस अवसर पर उपायुक्त सुरेश बागले, खेल अधिकारी डॉ. पीयूष अंबुलकर सहित मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन नागपुर जिले के पदाधिकारी उपस्थित थे। एशियन मास्टर्स टूर्नामेंट 8 से 12 नवंबर 2023 तक फिलीपींस के न्यू क्लार्क सिटी में आयोजित किया गया था।
इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के 23 देशों के एथलीटों ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में भारत के 257 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था जिसमें नागपुर के 12 खिलाड़ी शामिल थे। सबसे अधिक खिलाड़ियों वाले टूर्नामेंट में भारत ने पहला स्थान हासिल किया। विजयी भारतीय टीम ने 70 स्वर्ण, 63 रजत और 82 कांस्य सहित कुल 215 पदक जीते। टूर्नामेंट में जापान दूसरे और फिलीपींस तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय टीम में नागपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। नागपुर की एथलीट सीमा अख्तर ने 2 स्वर्ण पदक (2000 मीटर स्टीपलचेज़, 10 किमी दौड़, 500 मीटर बाधा दौड़), रेनू सिद्धू ने 2 रजत और 3 कांस्य पदक (2000 मीटर स्टीपलचेज़, 10 किमी दौड़, 800 मीटर दौड़, 5 किमी दौड़, 4x100 मीटर रिले), शारदा नायडू ने 2 कांस्य पदक (2000 मीटर स्टीपलचेज़, ऊंची कूद), अलका पांडे 1 कांस्य पदक (ट्रिपल जंप), दत्ता सोनावाले 1 कांस्य पदक (3000 मीटर स्टीपलचेज़, 10 किमी दौड़ में 5वां स्थान) पुष्पा झाड़े हैने मर थ्रो प्रतियोगिता में 7वां स्थान प्राप्त किया जबकि अकरम खान ने 800 मीटर दौड़ और 400 मीटर रिले में 5 वा स्थान प्राप्त किया।
43वां आयोजन नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन द्वारा 14 से 18 फरवरी 2023 तक कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित किया गया था। इस टूर्नामेंट में देशभर से करीब 4500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन फिलीपींस में एशियन मास्टर्स टूर्नामेंट के लिए किया गया। इसमें नागपुर के 12 खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर एशियन प्रतियोगिता में जगह बनाई।