नागपुर : एक तेज रफ्तार टिप्पर ने दोपहिया सवार युवक को टक्कर मार दी। एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह घटना हिंगना पुलिस थाने के अंतर्गत हुई है। मृतक की पहचान सुभानवाड़ी, वानाडोंगरी निवासी प्रीतम अरुण वानखेड़े (35) के रूप में हुई है। घायल कुंदन कुमार मंडल (30) का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रीतम और कुंदन दोनों दोस्त हैं और एक ही इलाके में रहते हैं।
रविवार सुबह करीब 9.30 बजे दोनों दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच 40/एए 9462 से अमरावती रोड पर काम पर जा रहे थे। बंसल कंस्ट्रक्शन कंपनी के सामने टिप्पर एमएच 40/बीजी 2911 के चालक ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाकर उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और आरोपी चालक घटनास्थल से फरार हो गया। दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंगना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान कुछ ही देर में प्रीतम की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक कुंदन की हालत भी नाजुक है। पुलिस ने प्रीतम के भाई रोशन वानखेड़े की शिकायत पर आरोपी टिपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।